हरियाणा सरकार ने अध्यापकाें के तबादला अभियान का कार्यक्रम बदला

 

अब 11 अगस्त से शुरू होगी डाटा वेरिफिकेशन प्रक्रिया

चंडीगढ़, 29 जुलाई (हि.स.)। शिक्षा विभाग ने आनलाइन टीचर ट्रांसफर ड्राइव-2026 का संशोधित शेड्यूल जारी किया है। अब 11 अगस्त से डाटा वेरीफिकेशन की प्रक्रिया शुरू होगी। शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को संशोधित अस्थायी शेड्यूल के बारे में निर्देश जारी किए गए हैं।

स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव की ओर से बुधवार को जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि अब ट्रीचर ट्रांसफर ड्राइव से पहले निर्धारित की गई तिथियों की नए शेड्यूल के तहत संचालित होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 23 जुलाई को जारी पहले कार्यक्रम में संशोधन करते हुए नया शेड्यूल जारी किया गया है।

नए शेड्यूल के तहत 11 अगस्त से 17 अगस्त तक सभी सरकारी स्कूलों के शिक्षक एमआईएस पोर्टल पर अपने व्यक्तिगत एवं सेवा संबंधी विवरणको अपडेट एवं सत्यापित करेंगे। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि निर्धारित अवधि में सभी शिक्षक अपने रिकॉर्ड की जांच कर उसे प्रमाणित करना सुनिश्चित करें।

इसके साथ ही 18 और 19 अगस्त को सभी शिक्षकों का स्कोर एवं कार्यकाल प्रकाशित किया जाएगा। यदि किसी शिक्षक को प्रकाशित स्कोर या सेवा विवरण पर कोई आपत्ति होगी तो वह 20 से 24 अगस्त के बीच ऑनलाइन दावा अथवा आपत्ति दर्ज करा सकेगा।

इन दावों एवं आपत्तियों पर 25 से 31 अगस्त तक जिला स्तरीय समिति विचार करेगी। समिति के निर्णय 1 सितंबर को सार्वजनिक किए जाएंगे। इसके बाद यदि किसी शिक्षक को जिला समिति के निर्णय पर भी आपत्ति होगी तो वह 2 से 4 सितंबर तक राज्य स्तरीय समिति के समक्ष दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत कर सकेगा। राज्य स्तरीय समिति 5 से 7 सितंबर तक इन मामलों का निस्तारण करेगी। पूरी प्रक्रिया के बाद 8 और 9 सितंबर 2026 को सभी शिक्षकों की अंतिम स्कोर एवं टेन्योर सूची जारी की जाएगी, जिसके आधार पर आगामी ऑनलाइन शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कपल केस के लिए अंक प्राप्त करने हेतु अंडरटेकिंग का प्रारूप भी तैयार किया गया है। वहीं, 10 अगस्त को इस पूरी प्रक्रिया के लिए क्वालिफाइंग डेट निर्धारित किया गया है। अर्थात मेरिट अंक, सेवा अवधि और अन्य पात्रताओं की गणना इसी तिथि के आधार पर की जाएगी।

नया टीचर ट्रांसफर ड्राइव-2026 का शेड्यूल

प्रक्रिया नया शेड्यूल

प्रोफाइल अपडेट व सत्यापन 11 से 17 अगस्त

स्कोर व टेन्योर प्रकाशित 18 से 19 अगस्त

दावा/आपत्ति दर्ज 20 से 24 अगस्त

जिला समिति का निर्णय 25 से 31 अगस्त

जिला समिति का निर्णय प्रकाशित 01 सितंबर

राज्य समिति में आपत्ति 02 से 04 सितंबर

राज्य समिति का निर्णय 05 से 07 सितंबर

अंतिम स्कोर व टेन्योर सूची 08 से 09 सितंबर

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा