राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए हरियाणा के शिक्षक करेंगे आवेदन
जिला शिक्षा अधिकारियों को ज्यादा से ज्यादा आवेदन करवाने की हिदायत
चंडीगढ़, 22 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सभी
जिलों से आवेदन मांग लिए हैं। जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह
अधिक से अधिक शिक्षको से आवेदन करवाएं।
केंद्र सरकार की ओर से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए
ऑनलाइन सेल्फ नॉमिनेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र शिक्षक 10 जुलाई तक पोर्टल पर
नामांकन कर सकते हैं,
जबकि
आवेदन को अंतिम रूप देकर जमा करने की अंतिम तारीख 13 जुलाई तय की गई है।
इसके साथ ही राज्यों को जिला और राज्य स्तर की चयन समितियां समय रहते गठित करने के
लिए कहा गया है ताकि चयन प्रक्रिया तय समय में पूरी हो सके।
गाइडलाइन के अनुसार हरियाणा से
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए अधिकतम तीन नाम आगे भेजे जा सकेंगे। चयन प्रक्रिया
जिला स्तर से शुरू होकर राज्य स्तर और फिर राष्ट्रीय ज्यूरी तक पहुंचेगी। जिला चयन
समिति पहले स्तर पर आवेदनों की जांच और सत्यापन करेगी, जिसके बाद राज्य चयन समिति अंतिम सूची तैयार करेगी। पुरस्कार चयन में केवल
सेवा अवधि नहीं बल्कि शिक्षक का काम और प्रभाव अहम रहेगा। मूल्यांकन में तकनीक
आधारित शिक्षण, नवाचार, बच्चों के सीखने के परिणाम, सामुदायिक
भागीदारी, कम लागत के शिक्षण मॉडल, स्कूल प्रशासन में सुधार और विद्यार्थियों के समग्र विकास जैसे पहलुओं को
प्राथमिकता दी जाएगी। शिक्षा विभाग का मानना है कि व्यापक प्रचार और समय पर आवेदन
से हरियाणा के ज्यादा शिक्षक राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर हासिल कर सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा