रेवाड़ी की हाउसिंग परियोजना में लापरवाही पर शिवा मेगा प्रोजेक्ट्स ब्लैकलिस्ट

 

चंडीगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीसीपी) विभाग ने रेवाड़ी जिले के बावल में अफोर्डेबल ग्रुप हाउसिंग परियोजना विकसित नहीं करने और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने पर शिवा मेगा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को ब्लैकलिस्ट कर दिया है।

विभाग के अनुसार, कंपनी, उसके तीन निदेशकों और उनसे जुड़ी किसी भी अन्य इकाई को भविष्य में हरियाणा विकास एवं शहरी क्षेत्र विनियमन अधिनियम, 1975 के तहत नया लाइसेंस नहीं मिलेगा। कंपनी को 2014 में 5.44 एकड़ में परियोजना विकसित करने का लाइसेंस मिला था, लेकिन न तो लाइसेंस का नवीनीकरण कराया, न बकाया ईडीसी और अन्य सरकारी देनदारियां जमा कीं तथा न ही साइट पर परियोजना विकसित की। लाइसेंस 2022 में रद्द कर दिया गया था। अब विभाग ने सभी अधिकारियों को कंपनी या उसके निदेशकों के किसी भी नए लाइसेंस आवेदन पर कार्रवाई नहीं करने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा