राजस्व विभाग के चीफ स्टैम्प ऑडिटर निलंबित

 

चंडीगढ़, 06 जून (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में तैनात चीफ स्टैम्प ऑडिटर-वन सुशील कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सरकार द्वारा यह आदेश शुक्रवार देर रात जारी किया गया है।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा की ओर से जारी इस सरकारी आदेश में निलंबन अवधि के दौरान कई कड़े नियम लागू किए गए हैं। निलंबन के दौरान सुशील कुमार का मुख्यालय (हेड क्वार्टर) जिला राजस्व अधिकारी, सिरसा का कार्यालय तय किया गया है। उन्हें पूरी निलंबन अवधि के दौरान सिरसा कार्यालय में ही उपस्थित रहना होगा। वे सिरसा के जिला राजस्व अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना अपना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।

हरियाणा सिविल सेवा नियम (सामान्य) 2016 के नियम 83 के तहत, निलंबन के पहले छह महीनों के दौरान वह आधे वेतन के बराबर निर्वाह भत्ता पाने के हकदार होंगे। इस भत्ते को प्राप्त करने के लिए सुशील कुमार को एक प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा, जिसमें यह स्पष्ट करना होगा कि निलंबन की इस अवधि के दौरान वे किसी अन्य नौकरी, व्यापार, प्रोफेशन या व्यवसाय में शामिल नहीं हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा