36,441 करोड़ के खेल बजट से खिलाड़ियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान : गौरव गौतम
-खेल राज्य मंत्री बोले, हरियाणा को सबसे ज्यादा मिलेगा लाभ
चंडीगढ़, 01 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2026-31 के लिए खेल क्षेत्र में 36,441 करोड़ रुपये के बजट को भारतीय खेलों के लिए ऐतिहासिक फैसला बताया है।
उन्होंने कहा कि अकेले खेलो इंडिया योजना के लिए 29 हजार करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान खिलाड़ियों और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगा तथा हरियाणा को इसका सबसे अधिक लाभ मिलेगा।
गौरव गौतम ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने भारतीय खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए खेल बजट को मंजूरी देकर खिलाड़ियों और युवाओं को ऐतिहासिक सौगात दी है। यह निर्णय भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
गौरव गौतम ने बताया कि इस बजट में अकेले 'खेलो इंडिया' योजना के लिए लगभग 29 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। इससे देशभर में खेल प्रतिभाओं की पहचान, आधुनिक खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण सुविधाओं और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह निवेश आगामी कॉमनवेल्थ खेलों और ओलंपिक जैसी वैश्विक प्रतियोगिताओं में भारत के प्रदर्शन को और मजबूत करेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार खिलाड़ियों और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठा रही है। सरकार की खेल नीति का उद्देश्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि देश के युवाओं को खेलों के माध्यम से नई पहचान और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी है।
खेल राज्यमंत्री ने भरोसा जताया कि भारतीय खिलाड़ी आने वाले वर्षों में विश्व मंच पर देश का गौरव बढ़ाएंगे और इसमें हरियाणा की भूमिका सबसे अहम रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पहचान आज पूरे देश में खेल प्रतिभाओं के कारण है। खेल मतलब हरियाणा और हरियाणा मतलब खेल की धारणा को यह बजट और मजबूत करेगा। इससे हरियाणा के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के अधिक अवसर मिलेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा