हरियाणा में एसआईआर की समय सीमा 30 नवंबर तक बढ़ी

 


- 44.92 लाख मतदाताओं को जारी किए गए थे दस्तावेज जमा करवाने के नोटिस

चंडीगढ़, 30 अक्टूबर (हि.स.)।

हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस आई आर) की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने समयसीमा बढ़ा दी है। अब दावे और आपत्तियों के निपटारे के साथ-साथ मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन भी 30 नवंबर 2026 को होगा। पहले दावे और आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर और मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि 6 नवंबर निर्धारित की गई थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा ए. श्रीनिवास के अनुरोध पर आयोग ने संशोधित कार्यक्रम को मंजूरी दी है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एस आई आर के दौरान प्रदेश में अब तक 4,49,813 फार्म-6, 1,57,673 फार्म-7 और 3,78,094 फार्म-8 प्राप्त हुए हैं। वहीं, पिछले गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से मिलान नहीं होने और विसंगतियां पाए जाने के कारण 44,92,696 मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे।

28 अक्टूबर तक कई आवेदन और नोटिस लंबित रहने के कारण समय- सीमा बढ़ाने की जरूरत पड़ी। इस तारीख तक 23,176 फार्म-6, 5,175 फार्म-7 और 6,058 फार्म-8 पर निर्णय होना बाकी था। इसके अलावा सुनवाई के लिए जारी 12,043 नोटिस तथा 10,44,080 फोटो अपडेट से जुड़े मामले और 33,100 नोटिस व 7,59,024 फोटो अपडेट एवं निर्णय संबंधी मामले भी लंबित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा