ग्रीष्मकालीन छुट्टियों में नवाचार से जुडेंगे बच्चे
हरियाणा के स्कूलों में शनिवार काे हाेगी मेगा पीटीएम
चंडीगढ़, 22 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी को देखते हुए नायब सरकार की ओर से 25 मई से स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश का ऐलान किया गया है। लिहाजा, ग्रीष्मकालीन अवकाश से पहले शनिवार 23 को प्रदेशभर के राजकीय स्कूलों में मेगा पीटीएम का आयोजन किया गया। पीटीएम में शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के अभिभावकों से संवाद करने के साथ ग्रीष्मकालीन गृह कार्य भी दिया जाएगा।
शनिवार को आयोजित होने वाली मेगा पीटीएम के दौरान स्कूल रचनात्मक सामग्री की सजावट से सजे नजर आएंगे। शिक्षकों द्वारा बच्चों से अभिभावकों की पंसद और नापसंद के पांच उत्तर तैयार करेंगे। इनमें पसंदीदा सब्जी, गीत, खेल, रंग और कार्टून के साथ भोजन को शामिल किया जा सकता है। विद्यार्थी एवं अभिभावक सहभागिता पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बच्चों को लाइब्रेरी की किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी और समुदाय की सहभागिता पर चर्चा होगी।
मौलिक शिक्षा निदेशक की ओर से सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य डाइट, जिला परियोजना समन्वयक, खंड शिक्षा अधिकारी और स्कूल मुखियाओं को स्कूलों में पीटीएम आयोजन के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक विद्यालय को पीटीएम के आयोजन और गतिविधियों की रिपोर्ट ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों को परिवार के बुजुर्गों, समुदाय और आसपास के वातावरण से जोडऩे पर जोर रहेगा। बच्चे कहानियां सुनेंगे, प्रकृति को समझेंगे और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेंगे। शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभिभावकों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें। फोन कॉल, व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से बच्चों की गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा