सड़कों की खस्ता हालत पर मोबाइल एप से मिली 37 हजार शिकायतें
चंडीगढ़, 25 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है कि सरकार
द्वारा सड़क मरम्मत के लिए शुरू किए गए मोबाइल एप के माध्यम से अब तक कुल 37,368 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। जिनमें से 19,523 शिकायतों का समाधान किया जा चुका
है।
मंत्री रणबीर गंगवा बुधवार
को विधानसभा में कांग्रेस विधायक पूजा द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। पूजा
मुलाना के सवाल के जवाब में गंगवा ने कहा कि सड़क मरम्मत कार्य को राइट टू सर्विस एक्ट
के दायरे में लाया जा चुका है। कोई भी शिकायत मिलने के 10 दिन के भीतर जेई के पास होती
है। अगर कार्रवाई नहीं होती है तो ऑटो मोड पर वह शिकायत एसडीओ के पास चली जाती है।
इसी प्रकार अगले अधिकारियों के पास मामला रैफर होता है।
मंत्री ने बताया
कि कुल शिकायतों में से 2285 शिकायतों को व्यवहारिक नहीं होने के कारण खारिज कर दिया
गया है। इस अवधि के दौरान सरकार की तरफ से जब रिव्यू किया गया तो कार्य में कोताही
बरतने के आरोप में 19 अधिकारियों को दंडित किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा