राज्य सभा की एक सीट पर भाजपा ने उतारा प्रत्याशी, दूसरी पर कांग्रेस का मंथन
चंडीगढ़, 03 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने करनाल लोक सभा से पूर्व सांसद रहे संजय भाटिया को राज्य सभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया है। हरियाणा में राज्य सभा की दो सीटें खाली होने जा रही हैं। पानीपत के रहने वाले संजय भाटिया 2019 के लोकसभा चुनाव में करनाल सीट से सांसद चुने गए थे। उस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा को 6 लाख 56 हजार 142 वोटों के भारी अंतर से हराया था, जो हरियाणा के चुनावी इतिहास की सबसे बड़ी जीत थी।
साल 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने करनाल सीट से संजय भाटिया के स्थान पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को टिकट दिया था। मनोहर लाल तब लोकसभा का चुनाव जीते और केंद्र की मोदी सरकार में मंत्री हैं। इसके बाद से संजय भाटिया को कभी संगठन तो कभी सरकार में एडजेस्ट करने की कोशिश हो रही थी, जो अब जाकर पूरी हुई है।
राज्य सभा के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पांच मार्च काे नामांकन किया जाएगा। सांसद किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल आगामी 9 अप्रैल तक है। अभी ये दोनों सीटें भाजपा के पास हैं। 90 सदस्यीय विधानसभा में विधायकों की संख्याबल के हिसाब से एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के हिस्से में जानी तय है।
भाजपा द्वारा एक प्रत्याशी की घोषणा किए जाने के बाद कांग्रेस में भी बैठकों का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस बुधवार या बृहस्पतिवार की सुबह प्रत्याशी का ऐलान कर सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा