यमुनानगर : गर्भवती महिला का शव नहर से बरामद, परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
यमुनानगर, 05 जून (हि.स.)। हरियाणा के यमुनानगर जिले में 25 वर्षीय गर्भवती विवाहित महिला का शव नहर से बरामद होने के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि दूसरी ओर ससुराल वालों ने सभी आरोपों से इनकार किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मृतका के परिजनों ने बताया कि मृतका रतनपुर निवासी शिवानी लगभग छह माह की गर्भवती थी। उसका विवाह 8 फरवरी 2025 को मनीष कुमार के साथ हुआ था। यह अंतरजातीय प्रेम विवाह था। विवाह के बाद पारिवारिक संबंधों में तनाव की स्थिति बनी रही। मृतका के पिता तेजपाल का आरोप है कि उनकी पुत्री को वैवाहिक जीवन के दौरान मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। उन्होंने बताया कि पूर्व में मामला पुलिस तक भी पहुंचा था, जिसके बाद समझौते के आधार पर दोनों पक्षों में सहमति बनी थी,जिसके चलते 17 जून 2025 को मंदिर में पुनः वैवाहिक रस्में भी संपन्न कराई गई थीं। परिजनों के अनुसार, गुरुवार को शिवानी अचानक घर से कहीं चली गई थी। देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान नहर क्षेत्र में मिले कुछ संकेतों के आधार पर आशंका गहराई, जिसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तलाश अभियान चलाया गया। शुक्रवार को उसका शव नहर से बरामद कर लिया गया। जांच के दौरान पुलिस सोशल मीडिया पर साझा किए गए मृतका के एक भावनात्मक संदेश की भी पड़ताल कर रही है। वहीं, सास बिमला का कहना है कि परिवार में किसी प्रकार का विवाद नहीं था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार