हरियाणा में बिजली आपूर्ति को लेकर तैयारी पूरी : विज
चंडीगढ़, 01 जून (हि.स.)। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश में बिजली आपूर्ति को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे बिजली की पीक डिमांड बढ़ रही है, वैसे-वैसे उसे किया जा रहा है।
विज ने सोमवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हरियाणा बिजली विभाग का प्रत्येक कर्मचारी और अधिकारी पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। विभाग ने बिजली आपूर्ति प्रणाली को मजबूत और दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं तथा निरंतर सुधार की प्रक्रिया भी जारी है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गुरुग्राम में हाल ही में हुए हादसे पर विज ने कहा कि यह एक तकनीकी घटना थी, जिस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि आग लगने की घटना के बाद मशीनरी को लगभग दो घंटे के भीतर ठीक कर लिया गया था और बिजली व्यवस्था को शीघ्र सामान्य कर दिया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा