नीट परीक्षा केंद्रों पर रहेगा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

 


डीजीपी ने आला पुलिस अधिकारियों के साथ बनाई रणनीति

पेपर लीक की निगरानी को मोर्चा संभालेगा सीआईडी विंग

चंडीगढ़, 29 मई (हि.स.)। हरियाणा में आगामी 21 जून को होने वाली नीट की परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करके निर्देश जारी किए।

उन्होंने कहा कि नीट की परीक्षा का सफल व शांतिपूर्वक आयोजन सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है। मुख्यमंत्री स्वयं इसे गंभीरता से मॉनिटर कर रहे हैं और परीक्षा प्रक्रिया पर केंद्र एवं राज्य स्तर पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों का समय रहते निरीक्षण किया जाए तथा सुरक्षा, निगरानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पहले से सुनिश्चित किया जाए।डीजीपी ने विशेष रूप से खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश देते हुए कहा कि पेपर लीक अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर हरियाणा पुलिस की नजर रहनी चाहिए तथा उन्हें रोकने के भरपूर प्रयास होने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। बैठक में प्रदेशभर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस आयुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो संजय कुमार ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान के लिए सभी जिलों में पुलिस, प्रशासन एवं समाज के समन्वय से व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। थाना प्रभारियों को स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में जाकर युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

नार्को डॉग्स और तकनीकी निगरानी से बढ़ेगी कार्रवाई की प्रभावशीलता

बैठक में बताया गया कि हरियाणा पुलिस के नार्को डॉग्स नशा तस्करी से जुड़े मामलों के खुलासे में प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं। कई बड़े मामलों में उनकी सहायता से महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जिलों को आवश्यकतानुसार नार्को डॉग्स की सहायता लेने के निर्देश दिए गए। एडीजीपी संजय कुमार ने जानकारी दी कि पिछले पांच वर्षों में कमर्शियल क्वांटिटी के मामलों में कुल 3062 अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, जबकि वर्ष 2023 से अब तक पीआईटी-एनडीपीएस के तहत 153 लोगों को हिरासत में लिया गया है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा