हरियाणा पुलिस ने स्निफर डॉग्स की मदद से छह माह में 48 मामले सुलझाए
बोल्ट ने 15, रैम्बो ने 14 और रोमियो ने 12 एनडीपीएस ऑपरेशनों में निभाई अहम भूमिका
चंडीगढ़, 02 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के नशा मुक्त अभियान में पुलिस के प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी हथियार साबित हो रहे हैं। वर्ष 2026 की पहली छमाही (1 जनवरी से 30 जून) के दौरान हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) और जिला पुलिस की संयुक्त टीमों ने स्निफर डॉग्स की सहायता से 48 एनडीपीएस मामलों का खुलासा करते हुए बड़ी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन), स्मैक, गांजा, चरस, अफीम, डोडा पोस्त, चूरा पोस्त तथा अन्य मादक पदार्थ बरामद किए।
इन अभियानों में बोल्ट ने सर्वाधिक 15, रैम्बो ने 14 तथा रोमियो ने 12 मामलों में भाग लेकर सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विशेष रूप से रैम्बो की सहायता से 5 क्विंटल 50 किलोग्राम 300 ग्राम डोडा पोस्त की सबसे बड़ी बरामदगी की गई। इन तीनों स्निफर डॉग्स की असाधारण सूंघने की क्षमता और डॉग हैंडलर्स के साथ उनके बेहतरीन तालमेल ने नशा तस्करों के खिलाफ हरियाणा पुलिस की कार्रवाई को नई धार प्रदान की है।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि नशा तस्करी समाज और विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, खुफिया सूचनाओं और विशेषज्ञ संसाधनों के प्रभावी उपयोग से हरियाणा पुलिस नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में निरंतर कार्रवाई कर रही है।
छह माह में करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ बरामद, कई जिलों में बड़ी कार्रवाई
वर्ष 2026 के पहले छह महीनों के दौरान स्निफर डॉग्स की सहायता से चिट्टा (हेरोइन), स्मैक, गांजा, चरस, डोडा पोस्त, चूरा पोस्त, अफीम तथा अन्य मादक पदार्थों की कई बड़ी खेप बरामद की गईं। प्रमुख बरामदगियों में आदमपुर से 5 क्विंटल 50 किलोग्राम 300 ग्राम डोडा पोस्त, फतेहाबाद से 10.160 किलोग्राम डोडा पोस्त, फरीदाबाद से 6.56 किलोग्राम गांजा, 4.735 किलोग्राम डोडा पोस्त, 3.790 किलोग्राम डोडा पोस्त, 3.50 किलोग्राम गांजा, 1.2 किलोग्राम गांजा, 105.08 ग्राम चरस सहित हेरोइन एवं अन्य मादक पदार्थों की कई महत्वपूर्ण बरामदगियां शामिल हैं। इन सफल अभियानों में हिसार, फतेहाबाद, सिरसा (डबवाली), गुरुग्राम, फरीदाबाद, भिवानी, कुरुक्षेत्र, हिसार जीआरपी सहित अनेक जिलों की पुलिस तथा एच एस एन सी बी की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
*बोल्ट, रैम्बो और रोमियो बने हरियाणा पुलिस के स्टार स्निफर डॉग्स*
हिसार डॉग स्क्वॉड यूनिट ने वर्ष 2026 की पहली छमाही में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सबसे अधिक मामलों में सफलता हासिल की। यूनिट के प्रशिक्षित स्निफर डॉग बोल्ट ने रेड एवं सर्च ऑपरेशन में भाग लेकर 15 एनडीपीएस मामलों में सबसे अधिक सफलता दिलाई। रैम्बो ने 14 मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उसकी सहायता से 5 क्विंटल 50 किलोग्राम 300 ग्राम डोडा पोस्त की सबसे बड़ी बरामदगी हुई। वहीं रोमियो ने 12 एनडीपीएस मामलों में सहायता करते हुए चिट्टा, गांजा तथा अन्य मादक पदार्थों की बरामदगी में अहम योगदान दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा