हरियाणा में कम हुई फिरौती मांगने की कॉल, 230 लोगों ने डाउनलोड किया ‘अभेद्य’ ऐप
चंडीगढ़, 07 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में फिरौती मांगने तथा धमकी देने जैसी घटनाओं पर काबू पाने के लिए पुलिस द्वारा शुरू किया गया ‘अभेद्य’ ऐप तेजी से चलन में आ रहा है। 21 मार्च को लांच किए जाने के बाद 6 अप्रैल तक राज्यभर में कुल 230 लोगों ने इस ऐप को डाउनलोड किया है।
हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने मंगलवार को चंडीगढ़ में बताया कि पुलिस का ‘अभेद्य’ ऐप अंतरराष्ट्रीय नंबरों से आने वाले धमकी भरे कॉल पर प्रभावी नियंत्रण का एक मजबूत तकनीकी माध्यम बनकर उभरा है। यह ऐप संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय नंबरों से आने वाले वॉयस कॉल्स, मैसेज, फोटो, वीडियो और वॉयस नोट को तुरंत ब्लॉक कर देता है और यूजर के पास किसी प्रकार की धमकी को पहुंचने से पहले ही डिलीट कर देता है, जिससे अपराधियों को स्थानीय नंबरों का सहारा लेना पड़ता है और पुलिस के लिए उनकी ट्रैकिंग आसान हो जाती है। इसके परिणामस्वरूप न केवल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में तेजी आई है, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि ‘अभेद्य’ ऐप की सफलता ने पूरे देश में एक नई दिशा और मानक स्थापित किया है। हरियाणा पुलिस द्वारा विकसित इस तकनीकी पहल को देखते हुए देश के कई राज्य अब इसी मॉडल को अपनाने और अपने स्तर पर ऐसे सिस्टम विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। इस ऐप के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय नंबरों का प्रयोग कर रंगदारी संबंधी मामलो में कमी आई है। इसके साथ ठगी के लिए गैंग के नाम पर अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल करने वाले अपराधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण हुआ है।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि ‘अभेद्य ऐप’ का जिला जींद व कैथल में सबसे अधिक सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। यहां अब तक क्रमश: 26 व 22 लोगों ने ऐप डाउनलोड किया है। झज्जर में अब तक 19 व पानीपत में 14 लोगों ने ऐप डाउनलोड किया है। भिवानी में अब तक 9 लोगों ने ऐप डाउनलोड किया है। हरियाणा पुलिस के ‘अभेद्य ऐप’ को जिला हांसी में अब तक 5 लोगों ने डाउनलोड किया है। जिला रोहतक में अब तक 7 लोगों ने ऐप डाउनलोड किया है।
कैसे काम करता है अभेद्य ऐप
हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शिवास कबिराज ने बताया कि अभेद्य हरियाणा पुलिस द्वारा विकसित एक मोबाइल-आधारित नागरिक सुरक्षा प्रणाली है, जिसका उद्देश्य संदिग्ध डिजिटल खतरों को उपयोगकर्ता तक पहुंचने से पहले रोकना है। यह ऐप अज्ञात अंतरराष्ट्रीय नंबरों, वर्चुअल नंबरों और सेव न किए गए संदिग्ध संपर्कों की पहचान करता है। यह संदिग्ध कॉल्स को ब्लॉक करता है तथा चैट, वॉइस नोट, वीडियो और इमेज जैसी सामग्री को उपयोगकर्ता तक पहुंचने से पहले हटा देता है। यह उपयोगकर्ता स्तर पर धमकी भरी कॉल, जबरन वसूली, पीछा करना (स्टॉकिंग) और साइबर धोखाधड़ी जैसी समस्याओं को रोकने में सहायक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा