हरियाणा:स्कूलों की खस्ताहाल इमारतों की जगह बनेंगे नए वर्टिकल भवन

 


चंडीगढ़, 27 जून (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों की खस्ताहाल बिल्डिंग को गिराकर नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाए, नये बनने वाले भवन वर्टिकल रूप में हों। बाकी जगह का इस्तेमाल बच्चों के लिए प्ले ग्राउंड के रूप में हो।

इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा विभाग को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि गर्मी की छुट्टियां खत्म होने के बाद प्रदेश के किसी भी खस्ताहाल बिल्डिंग में बच्चों की कक्षा न लगे, उन्हें आस-पास के सरकारी भवन या दूसरे स्कूलों में तब तक शिफ्ट किया जाए, जब तक नये भवन का निर्माण नहीं हो जाता। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को हरियाणा निवास में सीएमजीजीए तथा वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

इस दौरान मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (सीएमजीजीए) ने प्रदेश के अलग अलग स्कूलों तथा जल परियोजनाओं का अवलोकन करने के बाद अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की थी। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में उपलब्ध साइंस लैब, कंप्यूटर लैब तथा अन्य सुविधाएं बच्चों को सुचारू रूप से मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्कूलों में ड्यूल डेक्स जल्द उपलब्ध करवाने को भी कहा। इस बीच उन्होंने स्कूलों में पुराने हो चुके कंप्यूटर तथा अन्य उपकरणों की भी एक माह के अंदर नीलामी इत्यादि की प्रक्रिया को पूरा करवाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन स्कूलों को नई बिल्डिंग की जरूरत है, उनका निर्माण कार्य तेजी से किया जाए, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो।

मुख्यमंत्री के समक्ष सीएमजीजीए द्वारा दिखाई गई रिपोर्ट के आधार पर जिन स्कूलों में खामियां मिली है, उनकी रिपोर्ट तलब की गई है। बकायदा डीईओ से लेकर सभी की जवाबदेही सुनिश्चित करने के मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही क्लास ए के अधिकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण भी करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा