हरियाणा सरकार शुरू करेगी ‘मेरी विकसित विधानसभा’
-भाजपा विधायक दल की बैठक में लिया फैसला
चंडीगढ़, 22 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 को आधार बनाकर दिए गए विकसित भारत के नारे को चरितार्थ करने के लिए हरियाणा सरकार ने ‘मेरी विकसित विधानसभा’ कार्यक्रम शुरू करने का फैसला लिया है।
यह फैसला सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई विधायक दल की बैठक में लिया गया। मुख्यमंत्री ने विधायकों के साथ प्रदेश के अगले 20 वर्षों की विकास यात्रा का रोडमैप तैयार करने की प्रक्रिया का शुभारंभ करते हुए ‘मेरी विकसित विधानसभा’ अभियान की घोषणा की। इसके तहत प्रत्येक विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र का ‘‘विजन चैंपियन’’ बनेगा और क्षेत्र की समस्याओं, संभावनाओं तथा विकास की प्राथमिकताओं को स्वयं चिन्हित करेगा।
बैठक में तय किया गया कि जुलाई और अगस्त माह के दौरान सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जनता से सीधे संवाद करेंगे। जनता के सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर प्रत्येक क्षेत्र का अलग विकास खाका तैयार किया जाएगा, जिसे विकसित हरियाणा-2047 के व्यापक रोडमैप से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लिए कुछ स्पष्ट और बड़े लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इनमें हरियाणा की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर से अधिक तक पहुंचाना, प्रति व्यक्ति वार्षिक आय को 40 लाख रुपये से ऊपर ले जाना, महिला श्रम भागीदारी को 45 प्रतिशत से अधिक करना तथा महिला साक्षरता को शत-प्रतिशत के करीब पहुंचाना शामिल है। बैठक में यह भी तय किया गया कि विकसित हरियाणा के रोडमैप में शिक्षा, स्वास्थ्य तथा जल-पर्यावरण एवं जलवायु अनुकूलता तीन प्रमुख फोकस क्षेत्र होंगे। सरकार हर छह माह में योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करेगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजनाओं का लाभ वास्तव में लोगों तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का केंद्र केवल सरकारी फाइलें नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन में दिखाई देने वाला सकारात्मक बदलाव होगा। उन्होंने विधायकों से जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा