एचकेआरएन कर्मचारियों के वेतन में न्यूनतम पांच प्रतिशत बढ़ोतरी
चंडीगढ़, 28 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (एचकेआरएन) के माध्यम से विभिन्न विभागों और सरकारी संस्थानों में तैनात कर्मचारियों के वेतन में न्यूनतम पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। निगम ने इस संबंध में आदेश जारी कर संशोधित वेतन दरें निर्धारित कर दी गई। नई दरें एक जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी। इससे निगम के माध्यम से नियुक्त लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 के कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
हरियाणा कौशल रोजगार निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के अनुसार, सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडल आयुक्तों, उपायुक्तों, विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रारों तथा बोर्डों, निगमों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के प्रबंध निदेशकों को संशोधित दरों की जानकारी दी गई है। वेतन निर्धारण में कर्मचारी के अनुभव और संबंधित जिले की श्रेणी को ध्यान में रखा जाएगा।
संशोधित वेतन दरों में कर्मचारियों को अनुभव के आधार पर तीन वर्गों में रखा गया है। पांच वर्ष तक के अनुभव वाले कर्मचारियों को आधार दर मिलेगी, जबकि पांच वर्ष से अधिक और दस वर्ष तक के अनुभव पर आधार दर से 10 प्रतिशत अधिक तथा दस वर्ष से अधिक अनुभव पर 20 प्रतिशत अधिक दर निर्धारित की गई है।
श्रेणी-1 के जिलों में नई मासिक वेतन दरें इस प्रकार हैं
लेवल-1 - 21,950 रुपये (पांच वर्ष तक), 24,150 रुपये (पांच से दस वर्ष) और 26,340 रुपये (दस वर्ष से अधिक)।
लेवल-2 - 25,830 रुपये, 28,420 रुपये और 31,000 रुपये।
लेवल-3 - 26,570 रुपये, 29,230 रुपये और 31,890 रुपये।
जिले की श्रेणी के अनुसार अलग-अलग वेतन
आदेश में जिलों को तीन श्रेणियों में बांटकर वेतन दरें निर्धारित की गई हैं। श्रेणी-2 के जिलों में लेवल-1 के कर्मचारियों को अनुभव के अनुसार 19,380 रुपये, 21,320 रुपये और 23,260 रुपये मिलेंगे। लेवल-2 के लिए ये दरें 23,160 रुपये, 25,480 रुपये और 27,800 रुपये, जबकि लेवल-3 के लिए 23,940 रुपये, 26,340 रुपये और 28,730 रुपये निर्धारित की गई हैं।
इसी तरह श्रेणी-3 के जिलों में लेवल-1 के लिए 17,910 रुपये, 19,700 रुपये और 21,500 रुपये, लेवल-2 के लिए 21,840 रुपये, 24,030 रुपये और 26,210 रुपये तथा लेवल-3 के लिए 22,530 रुपये, 24,790 रुपये और 27,040 रुपये की दरें तय की गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा