हरियाणा में 30 मई को 6 ऐतिहासिक स्थलों पर होगी हेरिटेज एंड सिटी वॉक
चंडीगढ़, 19 मई (हि.स.)। हरियाणा में 30 मई को प्रदेश भर में हेरिटेज एंड सिटी वॉक 2026 आयोजित की जा रही है। पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पर्यटन मंत्री ने चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा ‘आओ चलें अपनी विरासत के साथ’ मुहिम के तहत 30 मई को सुबह 6 बजे से 8 बजे तक प्रदेश के छह प्रमुख स्थलों पर दूसरी हेरिटेज एंड सिटी वॉक आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने हेरिटेज एंड सिटी वॉक के लिए विशेष ब्रोशर का भी विमोचन किया।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं, विद्यार्थियों और महिलाओं को हरियाणा की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से जोड़ना है, ताकि नई पीढ़ी अपने इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों को समझ सके तथा उनसे प्रेरणा प्राप्त कर सके। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश के विरासत स्थलों और पर्यटन स्थलों के विकास, संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है। सरकार की सोच केवल ऐतिहासिक भवनों और स्थलों के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन, विशेषकर युवाओं को अपनी सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जागरूक करना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि भविष्य में प्रत्येक माह इस प्रकार की वॉक आयोजित करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रदेश की विरासत से जुड़ सकें और विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि हैरिटेज एंड सिटी वॉक में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसकी पूरी जानकारी और पंजीकरण संबंधी विवरण वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा इच्छुक लोग मौके पर पहुंचकर भी अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रति व्यक्ति 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसमें पानी, चाय, कॉफी, टोपी तथा अल्पाहार उपलब्ध कराया जाएगा। सभी स्थानों पर हैरिटेज गाइड की व्यवस्था भी की गई है, जो प्रतिभागियों को संबंधित स्थलों के इतिहास और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।
डॉ. शर्मा ने बताया कि इस बार प्रदेश के छह प्रमुख स्थलों को हैरिटेज एंड सिटी वॉक के लिए चिन्हित किया गया है। पंचकूला जिले के पिंजौर में यादवेंद्र गार्डन, गुरुद्वारा मंजी साहिब, भीमा देवी मंदिर स्थल संग्रहालय, धारामंडल पिंजौर और प्राकृतिक बावड़ी का भ्रमण कराया जाएगा। मोरनी क्षेत्र में ऐतिहासिक मोरनी किले का भ्रमण कराया जाएगा। कुरुक्षेत्र में ज्योतिसर तीर्थ स्थल, सरोवर, विराट स्वरूप तथा महाभारत अनुभव केंद्र संग्रहालय का भ्रमण कराया जाएगा। फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र में सूरजकुंड जलाशय से असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य तक भ्रमण कराया जाएगा। रेवाड़ी में सैंडपाइपर पर्यटक परिसर से बड़ा तालाब तक तथा बल्लभगढ़ में राजा नाहर सिंह महल से रानी की छतरी तक भ्रमण कराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा