सरकारी जहाज व हेलीकाप्टर को अपडेट करवाएगी हरियाणा सरकार

 

चंडीगढ़, 05 फ़रवरी (हि.स.)। देश में लगातार हो रहे विमान हादसों के बाद राज्य सरकार ने अपने जहाज व हेलिकॉप्टर को अपग्रेड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हरियाणा के सिविल एविएशन विभाग ने अपने विमानों और हेलिकॉप्टरों के संचालन और रखरखाव के लिए नए और अपडेटेड तकनीकी मैनुअल तैयार करने के लिए इच्छुक कंपनियों से आवेदन मांग लिए हैं।

भारत में एयर ऑपरेटरों को अपनी सेवाएं देने में दक्ष कंपनियों को आवेदन के लिए अधिकृत माना गया है। सरकार ने कंपनियों से 9 फरवरी तक आवेदन मांगे हैं। देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा हरियाणा में विमान हादसे होते रहे हैं। 31 मार्च 2005 को हरियाणा के तत्कालीन मंत्री ओपी जिंदल और सुरेंद्र सिंह का उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के पास हेलिकॉप्टर क्रैश में निधन हो गया था। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हेलीकाप्टर की भी कई बार आपात लैडिंग हुई है। अपना हेलीकाप्टर खराब होने के कारण हरियाणा ने कई बार पंजाब के हेलीकाप्टर का इस्तेमाल किया है।

हरियाणा सरकार अब अपने विमानों के लिए परफॉर्मेंस आधारित जैसे आधुनिक नेविगेशन सिस्टम लगवाना चाहती है। इससे खराब मौसम या कम दृश्यता में भी विमान सुरक्षित रूप से उतर सकेंगे। सरकार ने अब नवीनतम सुरक्षा मानकों के अनुसार अपने ऑपरेशन मैनुअल, फ्लाइट सेफ्टी मैनुअल और सिक्योरिटी मैनुअल को पूरी तरह से अपडेट करने का फैसला लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा