तीन लाख लड़कियों को लगाई जाएगी एचपीवी वैक्सीन: आरती सिंह राव

 


चंडीगढ़, 24 मार्च (हि.स.)। हरियाणा की स्वाथ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि प्रदेश में करीब 3 लाख लड़कियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन नि:शुल्क लगाई जाएगी। अब तक लगभग 3280 किशोर लड़कियों को यह वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

आरती सिंह राव ने मंगलवार को चंडीगढ़ में बताया कि फिलहाल 14 साल की लड़कियों की सही लिस्ट बनाने के लिए सभी जिलों में हेड काउंट सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य में टारगेट किशोर लड़कियों की संख्या कुल आबादी का एक प्रतिशत है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 28 फरवरी को हरियाणा में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस वैक्सीन लॉन्च की थी। यह इंजेक्शन एचपीवी के टाइप 16 और 18 से सुरक्षा देता है, जो सर्वाइकल कैंसर के लिए जिम्मेदार हैं। साथ ही टाइप 6 और 11 से भी सुरक्षा देता है। इसके टारगेट लाभार्थी वे किशोर लड़कियां हैं जिन्होंने 14 साल की उम्र पूरी कर ली है, लेकिन अभी 15 साल की नहीं हुई हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वैक्सीन देने से पहले, सभी मेडिकल और पैरा-मेडिकल स्टाफ यह सुनिश्चित करें कि वैक्सीन लगवाने वाली किशोरी टीकाकरण के समय खाली पेट न हों। माता-पिता को सलाह दी जानी चाहिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि वैक्सीन लगवाने वाली किशोरी खाली पेट न हों, या टीकाकरण से पहले उन्हें कुछ खाने के लिए दें। सेशन वाली जगह पर उन किशोरियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई है, जिन्होंने घर पर नाश्ता नहीं किया है।

उन्होंने बताया कि टीकाकरण के बाद यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि वैक्सीन लगवाने वाली किशोरियां 30 मिनट तक वहीं रुकें। सेशन वाली जगहों पर ऑब्ज़र्वेशन रूम में ऐसी गतिविधियों की व्यवस्था की गई है, जो किशोरियों का ध्यान टीकाकरण के बाद होने वाले दर्द और घबराहट से हटा सकें। तनाव से जुड़ी प्रतिक्रियाओं की संभावना को कम करने के लिए भीड़भाड़ कम से कम रखें।

आरती सिंह राव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल उन्हीं किशोरियों को वैक्सीन लगाई जाएगी, जिन्होंने 14 साल की उम्र पूरी कर ली है, लेकिन अभी 15 साल की नहीं हुई हैं। टीकाकरण से पहले माता-पिता/अभिभावकों से ओटीपी-आधारित सहमति या लिखित सहमति प्राप्त करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा