हरियाणा सरकार ग्रुप डी कर्मचारियों के लिए आयोजित करेगी इंडक्शन कार्यक्रम
29 जुलाई को पंचकूला में जुटेंगे नवनियुक्त कर्मचारी
चंडीगढ़, 26 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने हाल ही में नियुक्त हुए ग्रुप-डी कर्मचारियों के लिए 29 जुलाई को पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में राज्य स्तरीय इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित करने का फैसला किया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस संबंध में मानव संसाधन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों और उपायुक्तों को निर्देश जारी किए हैं। इंडक्शन कार्यक्रम का मतलब परिचय या प्रशिक्षण कार्यक्रम होता है। यह किसी नए कर्मचारी या छात्र को उसके नए कार्यस्थल (कंपनी) या शैक्षणिक संस्थान (कॉलेज/विश्वविद्यालय) के माहौल, नियमों, संस्कृति और तौर-तरीकों से परिचित कराने की एक प्रक्रिया है ताकि वह वहां कार्य करते समय सहज महसूस कर सकें।
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 16 अक्टूबर 2025 या उसके बाद नियुक्त सभी ग्रुप-डी कर्मचारियों को इस कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। कर्मचारियों के साथ उनके माता-पिता या जीवनसाथी को भी कार्यक्रम में आने की अनुमति दी गई है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि पूरे कार्यक्रम का समन्वय मानव संसाधन विभाग करेगा। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूर्ण सहयोग करें और जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। यह कार्यक्रम नए ग्रुप-डी कर्मचारियों को सरकारी सेवा की कार्य संस्कृति, जिम्मेदारियों और प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। सरकार इसे बड़े स्तर पर आयोजित कर रही है ताकि नवनियुक्त कर्मचारियों में सेवा भावना और प्रशासनिक समझ विकसित की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा