एचटेट के नाम पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ : सुरजेवाला

 

-प्रश्नपत्रों में मिली ढेरों खामियां, ओएमआर शीट के नंबरों में गड़बड़ी

-अंग्रेजी व हिंदी के अनुवाद में मिली ढेरों गलतियां

चंडीगढ़, 05 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) लेवल-3 (पीजीटी) में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इसे युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बताया है।

रविवार को चंडीगढ़ में जारी एक बयान में सुरजेवाला ने कहा कि 4 जुलाई को 238 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा सील टूटे प्रश्नपत्र, ओएमआर शीट में कथित गड़बड़ी, विषय बदलकर प्रश्नपत्र देने तथा प्रश्नपत्र में अनेक त्रुटियों देखने को मिली हैं।

सुरजेवाला ने दावा किया कि रेवाड़ी, चरखी दादरी और अन्य केंद्रों पर परीक्षार्थियों को सील टूटे प्रश्नपत्र मिले। उनका कहना है कि कुछ केंद्रों पर विद्यार्थियों को बताया गया कि ऐसे ही प्रश्नपत्र बोर्ड से प्राप्त हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि प्रश्नपत्र पहले से खुले थे तो उनकी गोपनीयता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि रेवाड़ी और कैथल के कुछ केंद्रों पर प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट के सीरियल नंबर अलग-अलग मिले। कुछ परीक्षार्थियों ने दूसरे अभ्यर्थियों के रोल नंबर वाली ओएमआर शीट दिए जाने तथा बाद में उसे बदलने की शिकायत भी की। सुरजेवाला ने परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अतिरिक्त ओएमआर शीट उपलब्ध होने पर भी सवाल उठाए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि रेवाड़ी के एक केंद्र पर अंग्रेजी विषय के अभ्यर्थियों को पहले अर्थशास्त्र का प्रश्नपत्र दे दिया गया, जिसे बाद में बदला गया। इसके अलावा प्रश्नपत्र में कई त्रुटियां होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कुछ प्रश्न बिना गद्यांश के पूछे गए, एक प्रश्न में वाक्य ही नहीं दिया गया, अंग्रेजी शब्दों की वर्तनी और हिंदी अनुवाद में भी गलतियां थीं। उन्होंने कॉमर्स प्रश्नपत्र में प्रश्न क्रमांक संबंधी त्रुटि का भी उल्लेख किया।

सुरजेवाला ने कहा कि इतनी अनियमितताओं के बाद पूरी परीक्षा की निष्पक्षता संदेह के घेरे में आ गई है। उन्होंने मांग की कि एचटेट लेवल-3 (पीजीटी) परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित किया जाए। साथ ही सील टूटे प्रश्नपत्रों के मामले में एफआईआर दर्ज कर जिम्मेदार अधिकारियों और कथित दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी युवाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और पूरे मामले की जिम्मेदारी लेने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा