हरियाणा सरकार ने मांगा रेगुलराइजेशन पॉलिसी में नियमित कर्मचारियों का ब्यौरा
-संबंधित विभागों को विवरण 15 दिन में जानकारी देने के निर्देश
चंडीगढ़, 16 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने वर्ष 2014 की नियमितीकरण नीतियों तथा अन्य समान नीतियों के तहत नियमित किए गए कर्मचारियों का विवरण जुटाने के लिए सभी संबंधित विभागों, कार्यालयों और संगठनों को निर्देश जारी किए हैं।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा शुक्रवार को जारी निर्देशों के अनुसार, 16 जून, 18 जून और 7 जुलाई, 2014 को जारी नियमितीकरण नीतियों तथा समय-समय पर इनमें किए गए संशोधनों और अन्य समान नीतियों के अंतर्गत नियमित किए गए ग्रुप-बी, सी और डी के कर्मचारियों की संख्या से संबंधित जानकारी निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध करवानी होगी।
संबंधित विभागों, कार्यालयों और संगठनों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित प्रारूप में आवश्यक जानकारी पत्र जारी होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर ई-मेल के माध्यम से संबंधित कार्यालय को भेजें, ताकि मानव सूचना संसाधन विभाग द्वारा आंकड़ों का संकलन और आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सके। सरकार ने स्पष्ट किया है कि भेजी जाने वाली जानकारी का उचित सत्यापन किया जाए और उसकी शुद्धता सुनिश्चित की जाए, क्योंकि यह विवरण आधिकारिक कार्यों के लिए आवश्यक है। संबंधित प्रशासनिक विभागों और विभागाध्यक्षों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा