दीपावली पर हादसों से निपटने के लिए हरियाणा के अस्पताल अलर्ट
- 20 से अधिक बेड आरक्षित रखने के निर्देश
-अस्पतालों में बर्न, ईएनटी व इमरजेंसी
बेड आरक्षित
चंडीगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में दीपावली के दौरान संभावित हादसों और दुर्घटनाओं से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। विभाग की ओर से जारी गाइडलाइन में सभी अस्पतालों को बर्न वार्ड तैयार रखने और आपातकालीन सेवाओं के लिए पर्याप्त बेड आरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बुधवार को बताया कि आतिशबाजी या अन्य दुर्घटनाओं में घायल लोगों के इलाज में किसी तरह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पतालों के आपातकालीन केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में ब्रोंकोडायलेटर्स, ऑक्सीजन सिलेंडर और बर्न ट्रीटमेंट किट सहित जरूरी दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आतिशबाजी या अन्य दुर्घटनाओं के शिकार लोगों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराने के लिए सभी सरकारी अस्पतालों में 20 से अधिक बेड आरक्षित रखने को कहा गया है। दीपावली के दिन सामान्य दिनों की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं, झुलसने और आंखों में चोट लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इसे देखते हुए इमरजेंसी विभाग के अलावा नेत्र रोग, हड्डी रोग और सर्जरी विभागों में भी अतिरिक्त बेड सुरक्षित रखे जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिया है कि नेत्र रोग, हड्डी रोग और सर्जरी विशेषज्ञों को अलर्ट मोड पर रखा जाए। उन्हें ऑन-कॉल ड्यूटी पर भी उपलब्ध रहना होगा, जिससे कि दुर्घटना के शिकार लोगों को तत्काल और प्रभावी उपचार मिल सके।
दीपावली के दिन किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सरकारी और निजी, दोनों क्षेत्रों के विशेषज्ञों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बर्न मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर, बेड, आईवी स्टैंड, आईवी सॉल्यूशन और एंटीबायोटिक्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि दीपावली के दौरान चिकित्सा कर्मियों और विशेषज्ञों को शहर से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। नेत्र रोग और ईएनटी विशेषज्ञों की टीमें अस्पतालों में उपलब्ध रहेंगी। वहीं, गंभीर मरीजों के त्वरित उपचार के लिए अस्पतालों के ट्रॉमा सेंटर और आईसीयू में भी विशेष रूप से बेड आरक्षित किए जाएंगे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा