हरियाणा:कर्मचारियों व पेंशनरों का महंगाई भत्ता तीन प्रतिशत बढ़ा

 

एक जुलाई से मिलेगा लाभ, दिसंबर में बढ़ी दर से मिलेगा वेतन-पेंशन

हरियाणा में डीए-डीआर बढक़र हुआ 63 प्रतिशत

चंडीगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने दिवाली पर सरकारी कर्मियों और पेंशनर्स की खुशियों को दोगुना करते हुए तीन प्रतिशत डीए बढ़ोतरी का ऐलान किया है। वित्त विभाग की ओर से आदेश जारी कर दी गई है।

आदेश के मुताबिक, सातवें वेतन एवं पेंशन आयोग के तहत वेतन और पेंशन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों तथा पेंशनर्स का महंगाई भत्ता और महंगाई राहत 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत कर दिया गया है। बढ़ी हुई दरें एक जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी। इस फैसले से प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के साथ पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशन प्राप्त करने वालों को भी लाभ मिलेगा।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार के लगभग 2 लाख 78 हजार नियमित कर्मचारियों और करीब 2 लाख 60 हजार पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा। इनके अलावा, बोर्डों, निगमों, स्वायत्त निकायों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों आदि के कर्मचारियों को भी इसी के अनुसार लाभ मिलेगा। इससे वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राज्य के खजाने पर 545 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।

वित्त विभाग की ओर से संबंधित विभागों विभागाध्यक्ष, कोषागार एवं लेखा विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अहम पहलू यह है कि सरकार के इस फैसले से सातवें वेतन आयोग के तहत वेतन और पेंशन प्राप्त कर रहे प्रदेश के कर्मचारियों, पेंशनर्स तथा पारिवारिक पेंशनधारकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा