दो साल के कार्यकाल पर भाजपा सरकार को घेरेगी कांग्रेस
चंडीगढ़, 19 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस ने सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की है। बुधवार, 21 अक्टूबर को प्रदेश के 13 निर्धारित स्थानों पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पत्रकारों से रूबरू होंगे और भाजपा सरकार के दो वर्षों के शासन, चुनावी वादों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों को उठाएंगे। कांग्रेस ने इस अभियान के जरिए सरकार से दो साल के कामकाज का हिसाब मांगने की तैयारी की है।
कांग्रेस हरियाणा प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाए गए हैं। कांग्रेस ने सरकार पर वादाखिलाफी, जनविरोधी नीतियां अपनाने और शासन की विफलताओं के आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश का हर वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान है और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
कांग्रेस के अनुसार, किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं, विद्यार्थी और छोटे व्यापारी महंगाई, बेरोजगारी तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। पार्टी ने आरोप लगाया है कि इन मुद्दों पर जनता को अपेक्षित राहत नहीं मिली है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पर प्रदेश की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए उनकी विदेश यात्राओं और पंजाब, बिहार सहित अन्य राज्यों के दौरों को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह सिरसा में, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा दिल्ली में और सांसद एवं एआईसीसी महासचिव कुमारी सैलजा चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा रोहतक में, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी बीरेंद्र सिंह फरीदाबाद में और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धर्मपाल सिंह मलिक पानीपत में पत्रकारों को संबोधित करेंगे।
इसी क्रम में डॉ. अशोक तंवर भिवानी, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदय भान करनाल, सांसद जय प्रकाश हिसार, सांसद वरुण मुलाना अंबाला, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी सोनीपत, सांसद कर्मवीर बौद्ध कुरुक्षेत्र और पूर्व सांसद राज बब्बर गुरुग्राम में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
वहीं, एआईसीसी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला 21 अक्टूबर को गुजरात के प्रभारी के रूप में संगठनात्मक दौरे पर गुजरात में रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा