महान योद्धा, कुशल प्रशासक और न्यायप्रिय शासक रहे महाराजा शूरसैनी : नायब सैनी

 


-लाडवा में महाराजा शूरसैनी की प्रतिमा का लोकार्पण, 98 लाख रुपये की लागत से हुआ निर्माण

चंडीगढ़, 20 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महाराजा शूरसैनी महान योद्धा, कुशल प्रशासक और न्यायप्रिय शासक थे। उन्होंने अपने शासनकाल में प्रजा के हित में अनेक कार्य किए और सुशासन की मिसाल पेश की। उनका जीवन सत्य, न्याय, पराक्रम और जनसेवा की प्रेरणा देता है। राज्य सरकार महापुरुषों और संतों की विरासत को संजोने तथा उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में महापुरुषों की प्रतिमाएं, स्मारक और भवन बनाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को लाडवा शहर में कुरुक्षेत्र-यमुनानगर मार्ग पर स्थापित सैनी समाज के गौरव चक्रवर्ती सम्राट महाराजा शूरसैनी की भव्य प्रतिमा का विधिवत लोकार्पण किया। शहरी स्थानीय निकाय विभाग, हरियाणा की ओर से लगभग 98 लाख रुपये की लागत से इस प्रतिमा का निर्माण कराया गया है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि महाराजा शूरसैनी की प्रतिमा से लाडवा को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान मिलेगी। प्रतिमा स्थल को आकर्षक रोशनी और सौंदर्यीकरण के साथ पार्क के रूप में विकसित किया गया है। यह स्थल शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि प्रतिमा युवाओं को महाराजा शूरसैनी के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनी समाज ने देश और प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समाज के लोग मेहनती, ईमानदार और राष्ट्रभक्त हैं। प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ काम करते हुए हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि लाडवा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। यहां सड़कों, सफाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है। सरकार क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं चला रही है। महाराजा शूरसैनी की प्रतिमा से शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सैनी ने कहा कि 98 लाख रुपये की लागत से बनी यह प्रतिमा केवल एक मूर्ति नहीं, बल्कि संस्कृति, इतिहास और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने प्रतिमा निर्माण के लिए नगर पालिका लाडवा और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि नगर पालिका ने महाराजा शूरसैनी चौक को मॉडल चौक के रूप में विकसित किया है। यहां सुरक्षा, सौंदर्यीकरण, रोशनी और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा