सरकारी निर्माण कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में होने वाले सभी सरकारी निर्माण कार्य तय मानकों के अनुसार पूरे होने चाहिए। निर्माण कार्य में कहीं भी लापरवाही, निम्न गुणवत्ता या नियमों की अनदेखी मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री सैनी मंगलवार को क्वालिटी एश्योरेंस अथॉरिटी द्वारा सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और विभिन्न विभागों में किए जा रहे तकनीकी ऑडिट की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में अथॉरिटी के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा (सेवानिवृत्त आईएएस) ने राज्य में चल रही विभिन्न निर्माण परियोजनाओं के तकनीकी ऑडिट की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। फोटो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से निर्माण कार्यों की योजना, काम की गुणवत्ता, तय मानकों के पालन और अन्य कमियों की जानकारी दी गई।
बैठक में मुख्य रूप से हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएमबी), सिंचाई, पीडब्लयूडी, विद्युत और जनस्वास्थ्य एवं आभियांत्रिकी विभाग के बारे में चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के विभागों द्वारा करवाये जा रहे निर्माण कार्यो के अलावा केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा किए गए निर्माण कार्यों की जांच भी क्वालिटी एश्योरेंस अथॉरिटी समय-समय पर करे।
मुख्यमंत्री ने क्वालिटी एश्योरेंस अथॉरिटी की ऑडिट रिपोर्ट में सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि जहां भी लापरवाही या तय मानकों का उल्लंघन पाया गया है, वहां जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तय समय में सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऑडिट में बताई गई सभी कमियों को जल्द दूर किया जाए ताकि भविष्य की परियोजनाओं में ऐसी समस्याएं दोबारा न आएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा