बच्चों के भविष्य, पंजाब की खुशहाली के लिए ले सही निर्णय पंजाब वासी:नायब सैनी

 


पंजाब में ड्रग्स तस्करी, गैंगवार, फिरौती और अपराध की घटनाओं ने आम लोगों में भय का माहौल

पंजाब को ठगे हुए पंजाब से विकसित और रंगला पंजाब बनाने का समय आ गया है

चंडीगढ़, 24 जून (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को श्री मुक्तसर साहिब में पंजाब की जनता का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि पंजाब अपनी खोई हुई शान वापस हासिल करे और विकास, सुशासन तथा राष्ट्रहित की राजनीति को अपनाकर देश का नंबर एक राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़े।

मुख्यमंत्री ने प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी सहित सभी गुरु साहिबानों, साहिबजादों और महापुरुषों को नमन करते हुए कहा कि श्री मुक्तसर साहिब की यह पवित्र धरती चालीस मुक्तों, भाई महा सिंह जी और माई भागो जी के अद्वितीय बलिदान की साक्षी है। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता साझा संस्कृति, साझा भाषा और साझा भावनाओं का रिश्ता है। वह पंजाब की जनता के बीच किसी पड़ोसी राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि छोटे भाई और शुभचिंतक के रूप में आए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने पहले कांग्रेस और बाद में आम आदमी पार्टी को अवसर दिया, लेकिन जनता की उम्मीदों के अनुरूप परिणाम नहीं मिले। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, परिवारवाद और विकास को रोकने का आरोप लगाया, जबकि आम आदमी पार्टी पर वादाखिलाफी और पंजाब को राजनीतिक प्रयोगशाला बनाने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज पंजाब का हर वर्ग पूछ रहा है कि वह बदलाव कहां है जिसकी बात की गई थी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 1100 रुपये प्रतिमाह देने का वादा चार वर्षों बाद भी पूरा नहीं हुआ। इसके विपरीत हरियाणा सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह की सहायता देना शुरू किया है और करोड़ों रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।

उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर नशे, अपराध, अवैध खनन, वित्तीय कुप्रबंधन और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है और हजारों नौजवान अवैध रास्तों से विदेश जाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब का सबसे बड़ा संकट बढ़ता हुआ नशा है, जिसने अनेक परिवारों को बर्बाद कर दिया है और युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल दिया है।

सैनी ने कहा कि पंजाब में ड्रग्स तस्करी, गैंगवार, फिरौती और अपराध की घटनाओं ने आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि व्यापारी, उद्योगपति और आम नागरिक सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और अपराधियों के मन से कानून का डर समाप्त होता दिखाई दे रहा है। किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों की 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कर रही है। पिछले 11 सीजन में 12 लाख किसानों के खातों में एमएसपी पर फसल खरीद के 1.64 लाख करोड़ रुपये सीधे उन के खातों मे भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर पंजाब का किसान आज भी अपने अधिकारों और चुनावी वादों के लिए संघर्ष कर रहा है।

इस मौके पर कार्यक्रम आयोजक पार्टी नेता मनवीर कौर गिल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरूण भंडारी, प्रदेश महामंत्री सरदार दयाल सिंह सोढ़ी, जिलाध्यक्ष मुक्तसर सतीश असीजा, विधानसभा इंचार्ज राजेश पठेला, पूर्व सांसद सरदार जगमीत सिंह बराड़, राहुल सिद्धू, पूजा कक्कड़, बलिवंद्र सिंह मिंकल, गुरचरण सिंह, अमनदीप, देवदत्त शर्मा सहित काफी संख्या में गणमान्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा