हरियाणा सरकार ने विपुल गोयल से वापस लिया सिविल एविएशन विभाग
-मुख्यमंत्री ने अपने पास लिया गोयल का विभाग
-नायब सरकार में पहली बार हुआ मंत्री के विभाग में बदलाव
चंडीगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने एक अहम फैसला लेते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के पास से नागरिक उड्डयन (सिविल एविएशन) विभाग वापस ले लिया है। अब यह विभाग मुख्यमंत्री ने अपने पास रख लिया है। इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और राज्यपाल के सचिव विजय कुमार भाविकट्टी की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व वाली सरकार में यह पहला मौका है जब किसी मंत्री से उसका विभाग वापस लिया गया है। विभाग वापस लिए जाने को लेकर कई तरह की चर्चाएं जोरो पर हैं।
सरकार में प्रोटोकॉल के अनुसार, मुख्यमंत्री के बाद विपुल गोयल का छठा नंबर है। अभी तक विपुल गोयल के पास राजस्व एवं अपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय तथा नागरिक उड्डयन विभाग थे। एक विभाग वापस लिए जाने के बाद विपुल गोयल के पास अब दो विभाग रह गए हैं। नागरिक उड्डयन विभाग को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने पास ले लिया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के पास अभी तक गृह, योजना, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, सामान्य प्रशासन, हाउसिंग फॉर ऑल, प्रसोनल, वित्त, आबकारी एवं काराधान, न्याय प्रशासन, सूचना एवं जनसंपर्क, सीआईडी तथा कानून एवं विधायी विभाग थे। अब मुख्यमंत्री के पास नागरिक उड्डयन विभाग भी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा