हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक 10 अक्टूबर को, 16 को कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे मुख्यमंत्री
चंडीगढ़, 05 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 10 अक्टूबर को सुबह 11 बजे होगी। इसके बाद 16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री गृह एवं पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। पहले यह बैठक नौ अक्टूबर को प्रस्तावित थी, लेकिन इसकी तारीख बदल दी गई है। इससे पहले सात अक्टूबर को मुख्यमंत्री गुरुग्राम में भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ शामिल होंगे।
16 अक्टूबर को कानून व्यवस्था की बैठक में गृह विभाग और पुलिस विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुख्यमंत्री के सामने प्रदेश की मौजूदा सुरक्षा स्थिति, अपराध की रोकथाम और पुलिस की कार्रवाई का ब्योरा रखेंगे। बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार निशाना साध रहा है। गैंगस्टरों की सक्रियता और अलग-अलग जिलों में सामने आ रही संगीन वारदातों ने पुलिस के सामने चुनौती बढ़ा रखी है।
मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में संगठित अपराध, गैंगस्टर नेटवर्क, गंभीर आपराधिक घटनाओं और अपराधियों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा होने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों से संवेदनशील जिलों में अपराध नियंत्रण के लिए उठाए गए कदमों और आगे की रणनीति की जानकारी ली जा सकती है। मुख्यमंत्री स्तर पर जिलावार कानून व्यवस्था की स्थिति का फीडबैक लेकर पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने की उम्मीद है।
10 अक्टूबर की कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ सिंगापुर दौरे के दौरान हुए निवेश संबंधी एमओयू और संभावित निवेशकों के साथ हुई बातचीत की जानकारी साझा कर सकते हैं। बैठक में सरकार के आगामी फैसलों और विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा संभव है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा