हरियाणा के मुख्यमंत्री साेमवार काे पेश करेंगे दूसरा बजट
हरियाणा बजट 2.15 लाख करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद
चंडीगढ़, 01 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी बतौर वित्त मंत्री सोमवार को प्रदेश का बजट पेश करेंगे। पिछले वर्षों में बजट का आकार क्रमशः 1.89 लाख करोड़ (2024) और 2.01 लाख करोड़ (2025) रहा था। इस बार यह बजट 2,15,000 करोड़ के करीब पहुंचने की उम्मीद है।
नायब सैनी सरकार ने पहले बजट में जहां लाडो लक्ष्मी योजना का ऐलान किया था वहीं दूसरे बजट में सरकार बुनियादी ढांचा विकास पर फोकस कर सकती है। रविवार को अवकाश के बावजूद वित्त विभाग, प्रींटिंग एंड स्टेशनरी विभाग तथा लोकसंपर्क विभाग समेत अन्य कई विभागों के कर्मचारी व अधिकारी अपने दफ्तरों में मौजूद रहे और बजट संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
नायब सैनी का यह दूसरा बजट होगा। इस बजट में सरकार औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचा मजबूती, शहरों में नए सेक्टरों की मंजूरी, एआई को बढ़ावा देने के लिए शोध आदि विषयों पर फोकस कर सकती है। प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को नौ हजार रुपये मासिक भत्ते का ऐलान किए जाने की भी उम्मीद है। वित्त विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुनियादी ढांचा विकास के बजट में करीब 25 प्रतिशत तक की वृद्धि हो सकती है। परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री पहले ही अपनी मांगों को सार्वजनिक कर चुके हैं। यह दोनों मामले आम जनता से जुड़े हुए हैं। सरकार का फोकस पुरानी बसों को बदलकर नई बसें सडक़ों पर उतारने तथा बिजली आपूर्ति ढांचे को मजबूत करने पर है। ऐसे में इन विभागों को भी बजट में कई तरह की सौगात मिलने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा