हरियाणा सरकार ने एक दर्जन बोर्ड-निगमों में चेयरमैन व सदस्यों की नियुक्तियां कीं
चंडीगढ़, 30 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में करीब एक दर्जन बोर्ड व निगमों में चेयरमैन तथा सदस्यों की नियुक्तियां कर दी हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान हरियाणा सरकार ने एक के बाद एक कई नियुक्तियों के आदेश जारी करके संगठन के नेताओं को सत्ता में भागीदार बना लिया है। इन नियुक्तियों में कई पुराने नेताओं को सरकार में एडज़स्ट करके असंतोष को खत्म कर दिया गया है।
हरियाणा सरकार की तरफ से जारी आदेशों के अनुसार, रोहतास जांगड़ा को हरियाणा लेबर वेलफेयर बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है। फर्जी स्लिप घोटाले के कारण यह बोर्ड पिछले कई माह से सुर्खियों में है। कुछ समय के लिए बोर्ड की गतिविधियों को बंद भी किया गया था। अब हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा गिग वर्कर्स के पंजीकरण के आदेश जारी किए जाने के बाद इस बोर्ड की अहमियत बढ़ गई है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता एडवोट वेदपाल को हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। यह बोर्ड प्रदेश भर की मंडियों के रख रखाव के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़ों का रख-रखाव तथा संचालन भी संभालता है। इसके अलावा हरियाणा सरकार जीरो बजट कृषि को बढ़ावा देने के लिए दस नई मंडियां बनाने जा रही है।
हरियाणा सरकार ने पार्टी नेता राजपाल बैनीवाल को हरियाणा किसान कल्याण प्राधिकरण में सदस्य नियुक्त किया है। गुरनाम सैनी को हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम लिमिटेड का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
नायब सरकार में पहली बार हुई बोर्ड व निगमों की नियुक्तियों में महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। जिसके चलते सुनीता दांगी को हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन बनाया गया है। सरकार ने सुभाष कलसाना को हरियाणा स्टेट कॉओपरेटिव एग्रीकल्चर एंड रूरल डिवेल्पमेंट बैंक की प्रबंध समिति में सरकार का प्रतिनिधि नियुक्त किया है।
जुलाना विधानसभा से चुनाव लड़ चुके कैप्टन योगेश बैरागी हरियाणा राज्य सोशल वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन पद पर नियुक्त किए गए हैं। इसी प्रकार भारत भूषण जुयाल को हरको बैंक का चेयरमैन नियुक्त किया है। भारत भूषण जुयाल को पहले 'हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड' के निदेशक मंडल की प्रबंध समिति में सरकारी नामांकित सदस्य नियुक्त किया गया। जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से इस शीर्ष सहकारी बैंक का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
हरियाणा सरकार ने कला एवं सांस्कृति के क्षेत्र में भी कई अहम नियुक्तियां तथा बदलाव किए हैं।
हरियाणा लोक गायक बिंदर दनोदा को हरियाणा कला परिषद हिसार जोन का अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया। महेश जोशी को हरियाणा कला परिषद में वाइस चेयरमैन नियुक्त किया गया। अमित सैनी को हरियाणा कला परिषद गुरुग्राम जोन का अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया। गगन हरियाणवी को हरियाणा कला परिषद रोहतक जन का अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा