हरियाणा में दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को डीजीपी पद पर पदोन्नति
चंडीगढ़, 15 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने वर्ष 1994 बैच के दो वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक से पदोन्नत कर पुलिस महानिदेशक के पद पर नियुक्त किया है। गृह विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार यह पदोन्नति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
पदोन्नत किए गए अधिकारियों में पहला नाम आईपीएस नवदीप सिंह विर्क हैं। वर्तमान में हरियाणा स्टेट एन्फोर्समेंट ब्यूरो, हरियाणा के प्रमुख तथा एचपीयूएस (हरियाणा) पंचकूला में विजिलेंस एवं सिक्योरिटी निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। आईपीएस कला रामचंद्रन वर्तमान में हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन की निदेशक हैं। इसके साथ ही वे फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल), मधुबन, करनाल की निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रही हैं। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि दोनों अधिकारियों को आईपीएस (कैडर) नियम, 1954 तथा आईपीएस (वेतन) नियम, 2016 के तहत वेतन मैट्रिक्स के लेवल-16 में पदोन्नत किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा