दीपक लांबा बने एचपीसीसी समन्वय एवं संपर्क केंद्र के प्रभारी

 




चंडीगढ़, 05 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एचपीसीसी) के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त से विचार-विमर्श उपरांत दीपक लांबा को एचपीसीसी समन्वय एवं संपर्क केंद्र का प्रभारी नियुक्त किया है।

प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने दीपक लांबा को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय, प्रभावी एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह नियुक्ति की गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दीपक लांबा अपने लंबे संगठनात्मक अनुभव, समर्पण और कार्यकुशलता के बल पर इस महत्वपूर्ण दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।

राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रभारी के रूप में दीपक लांबा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी तथा सभी सांसदों, विधायकों, वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश प्रकोष्ठ संगठनों, जिला कांग्रेस समितियों, ब्लॉक कांग्रेस समितियों, मंडल समितियों एवं बूथ समितियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करेंगे। साथ ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी संगठनात्मक कार्यक्रमों, अभियानों एवं निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने बताया कि दीपक लांबा एचपीसीसी संपर्क केंद्र के दैनिक संचालन, समन्वय, संचार, रिपोर्टिंग एवं अनुपालन की पूरी व्यवस्था का नेतृत्व एवं पर्यवेक्षण करेंगे, ताकि संगठनात्मक सहयोग प्रणाली का सुचारु एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

प्रदेश अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, संगठन के कार्यकर्ताओं एवं पार्टी सदस्यों से आह्वान किया कि वे दीपक लांबा को उनकी नई जिम्मेदारियों के निर्वहन में पूर्ण सहयोग प्रदान करें, जिससे संगठन को और अधिक मजबूत एवं जनोन्मुख बनाया जा सके।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा