हरियाणा में 12 जिलों में अपग्रेड होंगे जिला अस्पताल : नायब सैनी
-कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में पीपीपी मोड पर बनेगी कैथ लैब
चंडीगढ़, 26 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिला स्तर के अस्पतालों को सीटी स्कैन, एमआरआई, डिजिटल एक्सरे इत्यादि सभी सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। ऐसे 10 अस्पतालों को जनता को समर्पित किया जा चुका है। अन्य अपस्तालों को भी अपग्रेड किया जा रहा है। मुख्यमंत्री गुरुवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में प्रश्नकाल के दौरान बोल रहे थे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार द्वारा जिला स्तर के अस्पतालों को अपग्रेड करने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है।इससे पहले करनाल के विधायक जगमोहन आनंद के सवाल का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि कल्पना चावला सरकारी मेडिकल कॉलेज करनाल (केसीजीएमसी) में पीपीपी मोड पर कैथ लैब स्थापित की जाएगी। इसके अलावा , पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, कुटैल में कैंसर विज्ञान विभाग स्थापित किया जाएगा।
आरती सिंह राव ने बताया कि करनाल के केसीजीएमसी में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के माध्यम से कार्डियो-थोरेसिक सर्जरी सुविधा सहित सुपर स्पेशियलिटी इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी की सेवाएं शुरू की जाएंगी, इसके लिए निविदा आमंत्रण करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों में पीपीपी मोड पर कैथ लैब स्थापित करने के लिए संयुक्त आरएफपी ( रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) किया है।
कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला के सवाल के जवाब पर आरती राव ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत लगभग 2694 उपचार पैकेज उपलब्ध हैं। आरती सिंह राव ने बताया कि 20 फरवरी 2026 तक प्रदेश में कुल सक्रिय कार्डों की संख्या एक करोड़ 38 लाख 47 हजार 905 है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत-चिरायु हरियाणा योजना के तहत जनवरी 2024, अक्टूबर 2024 और जनवरी 2026 के दौरान कुल 2694 उपचार-पैकेज उपलब्ध रहे हैं। इसके अतिरिक्त, उपयुक्त उपचार पैकेजों में शामिल न होने वाले उपचार-पैकेजों को सूचीबद्ध अस्पतालों द्वारा अनिर्दिष्ट (अनस्पेसिफाइड) श्रेणी के तहत बुक किया जाता है।
उन्होंने बताया कि नवंबर 2022 से 17 फरवरी 2026 तक राज्य में आयुष्मान योजना सहित कुल उपचारों की संख्या (भुगतान किए गए दावों के अनुसार) 14,28,872 थी जिनकी एवज में अस्पतालों को 2010 करोड़ 33 लाख 66 हजार 180 रुपये की राशि वितरित की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा