सोनीपत: अंतर विश्वविद्यालय मुक्केबाजी में चार पदक, खिलाड़ियों का सम्मान
सोनीपत, 16 मार्च (हि.स.)। राई
स्थित हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय
मुक्केबाजी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक जीतकर संस्थान का नाम
रोशन किया। सोमवार को पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों ने विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति
अशोक कुमार ने आशीर्वाद प्रदान किया। विश्वविद्यालय पहुंचने पर शिक्षण व प्रशिक्षण
स्टाफ ने खिलाड़ियों का पुष्पगुच्छ पहनाकर उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
पुरुष
वर्ग की अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता दो से आठ मार्च
2026 तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में
विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने तीन पदक अपने नाम किए। आर्यन यादव ने शानदार प्रदर्शन
करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं अभी धनखड़ और प्रिंस चिक्कारा ने कांस्य पदक हासिल
कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
वहीं
महिला वर्ग की अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता
2025-26 नौ मार्च से 14 मार्च 2026 तक पंजाब स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में
आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की खिलाड़ी विषु राठी ने उत्कृष्ट खेल
दिखाते हुए रजत पदक प्राप्त किया।
विश्वविद्यालय
लौटने पर खिलाड़ियों का स्वागत खेल निदेशक संजय सारस्वत, सहायक प्राध्यापक तथा मुख्य
मुक्केबाजी कोच संदीप कुमार, सहायक खेल अधिकारी व महिला मुक्केबाजी कोच मंजू दलाल और
कनिष्ठ मुक्केबाजी कोच संदीप लाखी सहित अन्य शिक्षकों व प्रशिक्षण स्टाफ ने किया।
कुलपति
के साथ हुई बातचीत में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता से जुड़े अनुभव साझा किए और अपने
भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। कुलपति ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि उनका
लक्ष्य ऊंचा होना चाहिए और फिलहाल नौकरी की चिंता छोड़कर खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन
पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विश्वविद्यालय खिलाड़ियों के भविष्य,
रोजगार व अन्य आवश्यकताओं में पूरा सहयोग करेगा। कुलपति ने कहा कि खिलाड़ियों का लक्ष्य
विश्व मुक्केबाजी प्रतियोगिता और ओलंपिक जैसे सर्वोच्च मंच होने चाहिए। उन्होंने आत्म
मूल्यांकन के महत्व पर भी बल दिया और बताया कि आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता की सहायता से
खिलाड़ी अपने प्रशिक्षण, पोषण और पुनर्वास प्रक्रिया का बेहतर विश्लेषण कर सकते हैं। खिलाड़ियों ने कुलपति व स्टाफ को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। कुलपति ने
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना