हिसार : एचएयू के चार विद्यार्थियों को राज्यपाल ने किया सम्मानित

 


कुलपति ने विद्यार्थियों को दी बधाई

हिसार, 05 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय

के चार विद्यार्थियों को हरियाणा लोक भवन चंडीगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह

में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने राष्ट्रीय सेवा योजना अवार्ड देकर सम्मानित किया

है। उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उपरोक्त विभाग के अतिरिक्त

मुख्य सचिव विनीत गर्ग भी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज कम्बोज

ने विद्यार्थियों द्वारा अर्जित की गई इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्जवल

भविष्य की कामना की है।

कुलपति प्रो. कम्बोज ने गुरुवार काे बताया कि चारों विद्यार्थियों

को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तहत की गई उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया

गया है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों ने नई दिल्ली स्थित आयोजित किए गए गणतंत्र

दिवस शिविर एवं कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में भी भाग लिया। बीएससी एग्रीकल्चर के तृतीय

वर्ष की छात्रा हिमानी ने वर्ष 2026 में, युक्ति छिल्लर ने वर्ष 2025 में तथा एमएससी

प्रथम वर्ष की छात्रा साक्षी ने वर्ष 2024 में गणतंत्र दिवस शिविर में भाग लिया। उन्होंने

बताया कि कृषि महाविद्यालय के छात्र यशपाल को मेरा भारत-राष्ट्रीय सेवा योजना अवार्ड

2022-23 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने पर महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा

राष्ट्रीय अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

प्रो. कम्बोज ने बताया कि विश्वविद्यालय के अनेक

विद्यार्थी इससे पहले भी एनएसएस और एनसीसी के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं की बदौलत

राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अनेक अवार्ड प्राप्त करके विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर

चुके हैं। उन्होंने एनसीसी, एनएसएस द्वारा अर्जित की जा रही उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों

और उपरोक्त इकाइयों से जुड़े शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि वे भविष्य में भी समाज

एवं राष्ट्रहित के लिए उत्कृष्ट सेवाएं देते रहे। इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ.

रमेश कुमार गोयल, राष्ट्रीय सेवा योजना अवार्डी डॉ. भगत सिंह, डॉ. चन्द्रशेखर डागर,

डॉ. लोचन शर्मा व डॉ. अनु मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर