हिसार की बेटियों ने रग्बी खेल में प्रदेश में गाड़ा जीत का झंडा, बनी राज्य चैंपियन

 






लड़कों की टीम ने भी हासिल किया रजत पदक, 10 जिलों

की टीमों के बीच हुआ मुकाबला

हिसार, 13 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा की 11वीं राज्य

सब-जूनियर रग्बी सेवन प्रतियोगिता-2026 में हिसार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन

करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। यमुनानगर के करियर डिफेंस स्कूल में 12 नवंबर को

आयोजित प्रतियोगिता में हिसार की लड़कियों की टीम ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल

कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि लड़कों की टीम उप विजेता रही। दोनों वर्गों

में शानदार प्रदर्शन के साथ हिसार ने प्रदेश में अपनी खेल प्रतिभा का दमखम दिखाया।

प्रदेश के 10 जिलों की टीमों के बीच हुए मुकाबलों

में हिसार के खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन से अपनी अलग पहचान

बनाई। लड़कों के वर्ग में पानीपत की टीम प्रथम, हिसार द्वितीय और चरखी दादरी तृतीय

स्थान पर रही। वहीं लड़कियों के वर्ग में हिसार ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि जींद

दूसरे और पानीपत तीसरे स्थान पर रहा।

हिसार रग्बी एसोसिएशन के एडवोकेट नीरज वर्मा ने

शुक्रवार काे बताया कि लड़कियों की टीम की यह जीत जिले के लिए विशेष उपलब्धि है। लड़कों की टीम ने

भी दूसरा स्थान हासिल कर रग्बी में हिसार की मजबूत स्थिति साबित की है। उन्होंने खिलाड़ियों

की सफलता का श्रेय प्रशिक्षकों अमित मलिक, अनूप सिंह और मास्टर कुलदीप के मार्गदर्शन

तथा खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत को दिया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और एसोसिएशन

पदाधिकारियों को बधाई दी।

इस उपलब्धि पर एएमके कबड्डी एवं रग्बी अकादमी,

खानपुर में विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह

की तैयारियां अनूप जाखड़, मास्टर कुलदीप, कमेटी सदस्य ताऊ निहाल सिंह गुराना, पुरुषोत्तम

राजली, सतीश राजली, अनिल पंघाल, धर्मवीर, शमशेर, सुनील, जोगिंदर, सुखबीर, राजेश, प्रदीप

चहल, विनोद, दिनेश और ब्रिटिश स्कूल के डायरेक्टर की देखरेख में की जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर