कैथल: हरियाणा कौशल रोजगार निगम में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी
कैथल, 01 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के माध्यम से सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में कैथल पुलिस की इकनॉमिक सेल ने एक आरोपी को शनिवार काे गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव जखौली निवासी संजू के रूप में हुई है। इकानॉमिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश के नेतृत्व में एएसआई दलबीर सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू किया।
शिकायतकर्ता गांव पाडला निवासी कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी संजू ने खुद को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत स्वास्थ्य विभाग में चालक के पद पर कार्यरत बताते हुए उसकी और उसके भाई संजीव की सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। आरोपी ने दावा किया कि उसकी उच्च अधिकारियों तक पहुंच है और वह दोनों भाइयों को नौकरी दिला देगा। इसके बदले चार लाख रुपये में सौदा तय हुआ। आरोप है कि संजू ने पहले नकद राशि ली और बाद में अलग-अलग किस्तों में अपने गूगल-पे खाते में दाे लाख तेरह हजार 659 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। लंबे समय तक नौकरी नहीं लगने पर वह बहाने बनाता रहा। बाद में उसने एक ज्वाइनिंग लेटर भी दिया, जो जांच में फर्जी निकला। जब शिकायतकर्ता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी और उसके परिजनों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संजू पर अन्य लोगों से भी हरियाणा कौशल रोजगार निगम के नाम पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपये लेने के आरोप हैं। इस संबंध में थाना तितरम में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि मामले में शामिल अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे