पानीपत: एचकेआरएन बिजली कर्मचारियों ने वेतन न मिलने के विरोध में किया प्रदर्शन
पानीपत, 27 मई (हि.स.)। बिजली निगम में एचकेआरएन के तहत कार्यरत कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने पर आक्रोशित एचपीसी वर्कर यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों ने बुधवार को गोहाना रोड स्थित सिटी डिवीजन के एक्सईएन कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उन्होंने एक्सईएन को मांग पत्र भी सौंपा और वेतन न मिलने तक धरने पर बैठने की चेतावनी भी दी।
आरोप है कि अधिकारियों की अनदेखी का खामियाजा कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि सिटी डिवीजन के सिटी, माडल टाउन व सनौली रोड सब डिवीजन कार्यालय में 179 कर्मचारी व जेई, अकाउंटेंट, लाइनमैन, सहायक लाइनमैंन, आपरेटर, एलडीसी, चौकीदार से लेकर चपरासी तक के पद पर कार्यरत हैं। उनका कहना है कि अकसर उन्हें वेतन समय पर नहीं मिलता है। अप्रैल माह का वेतन भी अब तक नहीं मिल पाया है। जिस कारण उन्हें आर्थिक समस्या का सामना करना पड़ रहा है। न समय पर बच्चों की फीस दे पाते हैं और न घर का खर्च वहन कर पाते हैं।
उन्होंने बताया कि सिटी डिवीजन एक्सईएन का पंचकूला तबादला होने पर सब अर्बन डिवीजन एक्सईएन के पास ही चार्ज है। आरोप है कि सिटी डिवीजन के बजट को भी सब अर्बन डिवीजन के खाते में डाल दिया गया। जिस कारण उनको अप्रैल माह का आज तक वेतन नहीं मिल पाया। बार बार कहने पर अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। कर्मचारियों ने जल्द वेतन न मिलने पर धरने पर बैठने की चेतावनी दी। इस अवसर पर प्रमोद शर्मा, बलराम राणा, मुकेश कौशिक, नरेंद्र अहलावत, जितेंद्र वर्मा, महिपाल, विनोद, सौरभ आदि भारी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा