सोनीपत में दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल को मारी टक्कर
सोनीपत, 29 अगस्त (हि.स.)। खरखौदा
क्षेत्र के गांव हलालपुर में पश्चिमी यमुना नहर के पास दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल
रोहित पर कार से टक्कर का मामला सामने आया है। रोहित ने इसे जान से मारने की नीयत से
किया गया हमला बताया है।
रोहित
के अनुसार वह सुबह नहर किनारे टहलने गया था। जब वह पुलिस नाके से करीब 600 मीटर दिल्ली
की ओर पहुंचा तो रोहट की तरफ से तेज रफ्तार में काले रंग की कार आई और उसे टक्कर मार
दी। टक्कर लगते ही वह सड़क किनारे नहर की तरफ जा गिरा। रोहित का कहना है कि चालक ने
वाहन रोका, नीचे उतरकर देखा और फिर मौके से भाग गया। वह कार का नंबर नहीं देख सका।
घटना
के बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। चकित्सक ने फिट घोषित किया तो रोहित
ने पुलिस को बयान देकर अज्ञात चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना डायल 112 के
माध्यम से पुलिस चौकी सैदपुर को दी गई। पुलिस
ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज भी देखी
गई। पुलिस के अनुसार जांच में जान से मारने की नीयत की पुष्टि नहीं हुई है। मामला तेज
रफ्तार, गफलत और लापरवाही से वाहन चलाने का पाया गया है।
थाना
खरखौदा में शनिवार को मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अज्ञात कार चालक की तलाश कर रही
है और आगे की जांच जारी है। वहीं
रोहित ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसके साथ जानलेवा हमला हुआ है और
मामले को हादसा बताकर हल्का किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर
ही कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना