लुवास में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बस और ई-रिक्शा सेवा शुरू
हिसार, 04 जून (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (लुवास) में विद्यार्थियों के सुगम आवागमन के लिए बस और ई-रिक्शा सेवाओं का शुभारंभ किया गया।कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विशेष फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम में इन सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। यह सेवा विशेष रूप से कैंपस के भीतर छात्र-छात्राओं, विशेषकर दूर-दराज के हॉस्टलों से आने वाली छात्राओं के समय और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है।कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने गुरुवार काे कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शैक्षणिक माहौल के साथ-साथ कैंपस के भीतर सर्वोत्तम बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस नई शुरुआत से विद्यार्थियों को एक शिक्षण खंड से दूसरे शिक्षण खंड और छात्रावासों तक जाने में किसी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन हमेशा प्रयासरत रहता है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ कैंपस में हर वो सुविधा मिले, जो उनके सफर को आसान और सुरक्षित बनाए।इस फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय कुमार, डीन ऑफ कॉलेजेज प्रो. विनोद कुमार छोकर, डीन स्टूडेंटस वेलफेयर प्रो. एमके शर्मा और चीफ वार्डन गर्ल्स प्रो. सुजाता सांघी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा विभिन्न संकायों के डीन, निदेशक, शिक्षकगण तथा गैर-शिक्षक कर्मचारी भी मौजूद रहे और इस नई पहल का स्वागत किया।विश्वविद्यालय के प्रोक्टर प्रो. अनिल कुमार भानखड़ ने कहा कि बस और ई-रिक्शा की सेवाओं के लिए एक बहुत ही व्यवस्थित टाइम टेबल तैयार किया है, ताकि विद्यार्थियों की कक्षाएं मिस न हों और वे समय पर अपनी मंजिल तक पहुँच सकें। प्रशासन आपके हित के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने अपील की कि इन संसाधनों का सही और जिम्मेदारी से उपयोग करें। सुरक्षित रहें, समय का सदुपयोग करें और खूब मन लगाकर पढ़ाई करें। कार्यक्रम के दौरान प्रो. अनिल कुमार भानखड़ ने नई बस और ई-रिक्शा के विस्तृत समय-सारणी की जानकारी साझा की और बताया कि किस तरह यह सेवाएं पूरे दिन कैंपस में संचालित होंगी।-----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर