यमुनानगर में नववर्ष के उपलक्ष्य में निकली भव्य शोभायात्रा, श्रद्धा से गूंजा शहर

 


यमुनानगर, 24 मार्च (हि.स.)यमुनानगर में हिन्दू नववर्ष विक्रमी संवत 2083 के उपलक्ष्य में धार्मिक उल्लास और आस्था का व्यापक दृश्य देखने को मिला। जगाधरी के खेड़ा बाजार में श्री क्षेत्रपाल खेड़े बाबा सेवक परिवार के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

प्रातःकालीन बेला में मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ आयोजन की शुरुआत हुई। इस दौरान अर्ध नागेश्वर समाज ने प्रमुख भूमिका निभाते हुए आयोजन को व्यवस्थित रूप प्रदान किया। इसके पश्चात खेड़े बाबा की पालकी के साथ आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें संत-महात्माओं की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

शोभायात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं ने विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। धार्मिक गीतों और जयकारों के बीच पूरा शहर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने इसकी भव्यता को और बढ़ाया। इस अवसर पर कन्या पूजन का भी विशेष आयोजन किया गया, जिसमें 147 बालिकाओं का पूजन कर उन्हें भोजन एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संस्कृति और परंपराओं को सशक्त बनाए रखने का संदेश दिया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार