पानीपत: कवि सुलेख जैन को नेपाल में मिला अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा रत्न मानद उपाधि सम्मान

 


पानीपत, 25 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत के कवि व साहित्यकार सुलेख जैन को नेपाल में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय फाउंडेशन नेपाल की ओर से अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा रत्न मानद उपाधि सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें साहित्यिक क्षेत्र में उतरोत्तर प्रतिभा के आधार पर प्रदान किया गया। नेपाल भारत मैत्री विकास, देवनागरी लिपि के संरक्षण संवर्धन, नेपाल भारत की मैत्री भाषा हिंदी/नेपाली भाषा के वैश्विक प्रचार-प्रसार तथा देश-विदेश के कवि, लेखक, साहित्यकार एवं शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर नेपाल भारत सहित पांच देशों के लगभग एक हजार प्रतिभाओं को मातृभाषा रत्न मानद उपाधि सम्मान एवं मातृभाषा गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पानीपत के कवि एवं साहित्यकार सुलेख जैन को उनकी लंबी साहित्यिक यात्रा की प्रतिभा के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

सुलेख जैन एक समाज सेवी हैं । वे पानीपत में रंगमंच कला संगम व रेज़िडेंस वेलफ़ेयर एसोसिएशन सेक्टर छह के कोषाध्यक्ष भी हैं | रंगमंच साहित्यिक सभा के उपप्रधान व अंकन साहित्यिक मंच के सदस्य हैं । पूर्व में सुलेख जैन को संगम टीवी व साधना टीवी भी सम्मानित कर चुके हैं । वे सौ से अधिक मंचो पर अपना काव्य पाठ कर चुके हैं । शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय फाउंडेशन के अध्यक्ष आनंद गिरी मायालु ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान करते हुए इन्हें सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा