हांसी : राजमार्ग पर ट्राला में घुसी हाईस्पीड एसयूवी, गाड़ी के उड़े परखच्चे
हादसे में दो दोस्तों
की मौत तीन गंभीर, विवाह समारोह से लौट रहे थे पांचों
हांसी, 27 मार्च
(हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सैनीपुरा फ्लाइओवर के समीप एक हाई स्पीड एसयूवी
ट्रॉला में घुस गई। इससे एसयूवी में सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि
तीन अन्य को गंभीर चोट आई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के बोनट और इंजन पार्ट्स
उखड़कर कई फीट दूर तक बिखर गए। सूचना मिलने पर सिसाय पुल पुलिस चौकी व शहर थाना प्रभारी
इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह पुलिस बल के साथ साथ मौके पर पहुंचे और राहगीरों की मदद से
सभी घायलों को गाड़ी से निकाल कर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों
ने दो को मृत घोषित कर दिया जबकि तीन की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के
बाद हिसार रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान फतेहाबाद जिले के गांव मोची निवासी
38 वर्षीय मनोज और चौबारा गांव निवासी 42 वर्षीय महावीर के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी
के अनुसार फतेहाबाद के गांव चौबारा से गुरुवार शाम को भिवानी जिले के गांव बड़सी में
बारात आई थी और चौबारा निवासी महावीर मोची गांव निवासी मनोज अपने तीन अन्य दोस्तों
के साथ अपनी कार में सवार होकर बारात में आए थे। विवाह सम्पन्न होने के बाद पांचों
शुक्रवार अल सुबह करीब तीन बजे वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी सैनीपुरा
फ्लाइओवर के समीप पहुंची तो आगे चल रहे ट्रैक्टर ट्राली में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण
थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
मौके पर पहुंची
डायल 112 व पुलिस ने राहगीरों के साथ मिलकर पांचों को गाड़ी से निकाल उपचार के लिए
नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां ने चिकित्सकों ने महावीर व मनोज को मृत घोषित कर दिया
जबकि चौबारा गांव निवासी विक्रम व कृष्ण और चंद्रावल गांव निवासी विनोद की गंभीर की
गंभीर हालत को देखते हुए हिसार रेफर कर दिया गया। परिजनों ने तीनों को हिसार के एक
निजी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां गाड़ी चालक कृष्ण की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ट्राला चालक बाल
कर्ण का कहना है कि वह गुरुवार शाम को अपने ट्राला को लेकर उत्तर प्रदेश से सिरसा लौट
रहा था। सैनीपुरा फ्लाइओवर के समीप अचानक उसके ट्राला में तेज झटका लगा। टक्कर लगने
के बाद उसका ट्राला काफी दूर तक घिसटता चला गया।
हादसे की सूचना
मिलते ही काफी संख्या मृतकों के परिजन नागरिक अस्पताल पहुंचे। और शवों के पोस्टमार्टम
के उपरांत शवों को लेकर गांव लौट गए। नागरिक अस्पताल पहुंचे गांव चौबारा के सरपंच जोगिंद्र
कुमार ने बताया कि मृतक मनोज परिवार की इकलौता संतान था। उसके परिवार में माता, पिता,
पत्नी, दो बेटी और एक बेटा है जबकि महावीर के परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। उन्होंने
बताया की पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव का गांव में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर