हरियाणा : ऊंची इमारतों में आग दुर्घटनाओं से निपटने की तैयारी
-अग्निशमन विभाग खरीदेगा 90 और 104 मीटर की एरियल लेडर प्लेटफॉर्म
चंडीगढ़, 09 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार का अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा निदेशालय राज्य में आपातकालीन सेवाओं के लिए 90 मीटर के दो और 104 मीटर के दो एरियल लेडर प्लेटफॉर्म की खरीद करने जा रहा है। इससे उंची इमारतों में होने वाली आगजनी की घटनाओं को काबू पाने में मदद मिलेगी।
इस प्रस्तावित खरीद के संबंध में तकनीकी मापदंडों, पात्रता मानदंड, वारंटी, डिलीवरी शेड्यूल और व्यावसायिक प्रावधानों पर भारतीय व विदेशी निर्माताओं, अधिकृत प्रतिनिधियों एवं हितधारकों से सुझाव प्राप्त करने के लिए निदेशालय एक प्री-एनआईटी और मार्केट कंसल्टेशन बैठक आयोजित करने जा रहा है। यह परामर्श बैठक 11 सितंबर को आयोजित की जाएगी। इसमें भाग लेने के लिए इच्छुक हितधारकों को 10 सितंबर शाम तकअपना पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण और अपने सुझाव प्रस्तुत करने के लिए आवेदक संस्था के नाम, प्रतिनिधि का नाम व पद, ईमेल आईडी और संपर्क नंबर के साथ तकनीकी ईमेल पर संपर्क कर सकते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह बैठक केवल आगामी टेंडर दस्तावेज को अंतिम रूप देने तथा उद्योग से सुझाव और जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से की जा रही है। यह स्वयं में कोई टेंडर, ईओआई या चयन प्रक्रिया नहीं है और न ही इसमें भाग लेने वाले किसी भी हितधारक को भविष्य की खरीद प्रक्रिया में कोई विशेष अधिकार प्रदान किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा