यमुनानगर:पुलिस ने युवक को हेरोइन सहित किया गिरफ्तार

 


यमुनानगर, 10 सितंबर (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 50 ग्राम स्मैक बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कथित तौर पर नशीले पदार्थ की खेप लेने वाले दूसरे युवक को भी पकड़ा। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अदालत में पेश करने के बाद दोनों को रिमांड पर लिया गया है। एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी अनिल कुमार के मुताबिक, टीम को सूचना मिली थी कि रायपुर क्षेत्र से एक युवक बाइक पर नशीला पदार्थ लेकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर एक टीम गठित की गई। पुलिस ने बताए गए स्थान पर निगरानी शुरू की और बाइक सवार युवक को रोककर हिरासत में लिया।

तलाशी की कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई। पुलिस के अनुसार, युवक के कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान नाहरपुर निवासी प्रताप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद नशीली खेप नागल निवासी अंकुश तक पहुंचाई जानी थी। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए अंकुश को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। अदालत से रिमांड मिलने के बाद आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसके पीछे नशे की सप्लाई से जुड़ा नेटवर्क कितना बड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार