यमुनानगर: हेरोइन के साथ दाे नशा तस्कर गिरफ्तार

 


यमुनानगर, 13 मई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 90.93 ग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पूछताछ के लिए रिमांड पर भेज दिया गया। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पहली कार्रवाई प्रताप नगर क्षेत्र में की गई। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक कार में नशीला पदार्थ लेकर अनाज मंडी के आसपास आने वाला है।

जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान खिल्लावाला निवासी हाशिम के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी की कार को भी कब्जे में ले लिया है।

दूसरी कार्रवाई साढौरा क्षेत्र में की गई। उप निरीक्षक ओमप्रकाश की टीम ने एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़कर तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से 50.93 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान साढौरा निवासी मनीष के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे नशीले पदार्थ कहां से लाते थे और किन क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करते थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार