यमुनानगर:नशा तस्करी के आरोप में हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार
यमुनानगर, 04 मई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने एक युवक को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की बाजार कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सेल प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हमीदा क्षेत्र में गढ़ी रोड के पास एक युवक अवैध रूप से नशीले पदार्थ की बिक्री करता है। सूचना के आधार पर एक टीम गठित की गई। टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू किया। तलाशी की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करने के लिए मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार साढौरा कुलदीप सिंह को बुलाया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 126 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। उसकी पहचान पुराना हमीदा निवासी समीर के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किन लोगों के संपर्क में था तथा नशीले पदार्थ की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जाती थी। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार